अर्धकुंभ की तैयारियों में तेजी के निर्देश, निर्माण कार्यों की रोजाना होगी समीक्षा

खबर शेयर करें -

हरिद्वार। हरिद्वार में आगामी अर्धकुंभ मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मेला आयोजन से पहले सभी जरूरी निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए प्रशासन ने कार्यदायी संस्थाओं को संसाधन बढ़ाने और तय समयसीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने शुक्रवार को सीसीआर सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सड़कों, पुलों और घाटों के निर्माण सहित विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लिया।

बैठक में मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि अर्धकुंभ से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए पर्याप्त श्रमिकों, मशीनरी और निर्माण सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण स्थलों पर नियमित निगरानी रखी जाए और जहां अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता हो, वहां तत्काल व्यवस्था की जाए।

गंग नहर बंदी की अवधि का होगा पूरा उपयोग

घाटों के निर्माण की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने गंग नहर की क्लोजर अवधि को महत्वपूर्ण बताते हुए इस दौरान प्रस्तावित कार्यों की तैयारी पहले से पूरी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नहर बंदी शुरू होने से पहले निर्माण सामग्री, मशीनरी और श्रमिकों की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए, ताकि उपलब्ध समय का अधिकतम उपयोग हो सके और संसाधनों की कमी के कारण काम प्रभावित न हो।

मंडलायुक्त ने सड़कों और पुलों के निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और निर्माण में आने वाली बाधाओं का समय रहते समाधान निकालें। आगामी त्योहारों के दौरान श्रमिकों की संभावित कमी को देखते हुए उन्होंने अग्रिम व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए, जिससे निर्माण कार्यों की रफ्तार बनी रहे।

दिन-रात चल रहा निर्माण, प्रतिदिन होगी प्रगति की समीक्षा

मेलाधिकारी सोनिका ने बैठक में बताया कि अर्धकुंभ की तैयारियों को गति देने के लिए सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण स्थलों पर श्रमिकों और अन्य संसाधनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल करने के लिए निर्माण कार्य दिन-रात कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मेले की तैयारियों को काउंटडाउन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके तहत प्रतिदिन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी स्तर पर देरी की स्थिति उत्पन्न न हो और आयोजन से पहले जरूरी अवस्थापना सुविधाएं तैयार की जा सकें।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी दीपक सिंह, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट और डीपी सिंह सहित उप मेलाधिकारी आकाश जोशी व मनजीत सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Ad