देहरादून रेलवे स्टेशन पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित, यात्रियों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
एकल उपयोग प्लास्टिक से बचने और कचरे के पृथक्करण की दी गई जानकारी, यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए मांगे सुझाव
देहरादून। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM)-2026 के अंतर्गत देहरादून रेलवे स्टेशन पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए उनके सुझाव और प्रतिक्रियाएं प्राप्त की गईं।
कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को एकल उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। उन्हें प्लास्टिक के उपयोग से बचने और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही चार प्रकार के कूड़ेदानों के उपयोग तथा कचरे को उचित तरीके से अलग-अलग करने के महत्व के बारे में बताया गया।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से स्टेशन परिसर में कचरा निर्धारित कूड़ेदानों में डालने और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।इस दौरान यात्रियों से रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं को लेकर सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं भी ली गईं। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की आवश्यकताओं को समझकर प्राप्त सुझावों के आधार पर सुविधाओं में सुधार करना तथा उनकी रेल यात्रा को अधिक सुविधाजनक और सुखद बनाना है।
मुरादाबाद मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों से एकल उपयोग प्लास्टिक से परहेज करने, कचरे का उचित पृथक्करण करने और रेलवे परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।


