टिहरी झील में वाटर स्कीइंग कोर्स संपन्न, 22 प्रतिभागियों ने हासिल की सफलता
टिहरी गढ़वाल। टिहरी झील की कोटी कॉलोनी में भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान (IISM), गुलमर्ग की ओर से आयोजित तीसरे वाटर स्कीइंग कोर्स का शुक्रवार को समापन हो गया। समापन समारोह में संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा, एसएम, वीएसएम, एमआईडी ने सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और ट्रॉफियां वितरित कीं।
पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत आने वाले संस्थान की ओर से इस वर्ष कुल तीन वाटर स्कीइंग कोर्स आयोजित किए गए। कोटी कॉलोनी में आयोजित यह तीसरा और अंतिम कोर्स था। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से कुल 26 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 21 युवक और पांच युवतियां शामिल थीं। कोर्स के दौरान प्रतिभागियों को बेसिक, इंटरमीडिएट और एडवांस स्तर का प्रशिक्षण दिया गया। इनमें से 22 प्रतिभागियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया।
समापन समारोह में प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा ने सफल प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उन्हें साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान देश में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में कोर्स इंचार्ज प्रवीन सिंह रांगर, अरविन्द राट्टूरी, शवीर भट्ट और खलील सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी उपस्थित रहे। इनमें दिल्ली से देवांश, यश, श्रीजन और बरखा; राजस्थान से राहुल, गजेंद्र और प्रशांत; मध्य प्रदेश से सहजल, प्रतीक और अंबिकेश; महाराष्ट्र से राहिल; कर्नाटक से कृष्ण; हिमाचल प्रदेश से पंकज; हरियाणा से हिमांशु, मलकीत और विक्रम तथा जम्मू-कश्मीर से राही और सलीम सहित अन्य प्रतिभागी शामिल रहे।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को वाटर स्कीइंग के विभिन्न स्तरों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। टिहरी झील में इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और युवाओं को नए अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।


