साफ नीयत, मजबूत राष्ट्र: नरेंद्रनगर महाविद्यालय में सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा

खबर शेयर करें -

नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल)। भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और समाज में ईमानदारी एवं नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। एक भारत श्रेष्ठ भारत समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने नागरिक सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा ली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विजय सिंह नेगी ने कहा कि भ्रष्टाचार देश की आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक प्रगति के मार्ग में बड़ी चुनौती है। इससे निपटने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने सभी से अपने व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में ईमानदारी, नैतिकता तथा पारदर्शिता को प्राथमिकता देने की अपील की। साथ ही कानून का पालन करते हुए भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति विकसित करने पर जोर दिया।

एक भारत श्रेष्ठ भारत समिति के संयोजक डॉ. जितेंद्र नौटियाल ने बताया कि केंद्रीय सतर्कता आयोग की पहल पर 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक देशभर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष इसकी थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है। इसके तहत विभिन्न संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों और ईमानदार कार्यप्रणाली के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में ऐसे आयोजन युवाओं को नैतिक जिम्मेदारी का एहसास कराने और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में प्रेरित करने का माध्यम हैं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Ad