खेल महाकुंभ-2026 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं टलीं, नई तारीखों का करना होगा इंतजार

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्राफी-2026 की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। शुक्रवार से एक नवंबर तक आयोजित होने वाली एथलेटिक्स, कबड्डी और पिट्टू की स्पर्धाएं अब निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नहीं होंगी। इनके आयोजन के लिए नई तारीखों का ऐलान बाद में किया जाएगा।
प्रतियोगिताओं के स्थगित होने से इसमें हिस्सा लेने की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों को अब संशोधित कार्यक्रम का इंतजार करना पड़ेगा। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल ने इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर निर्णय की जानकारी दी है।

दरअसल, पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्राफी की राज्य स्तरीय स्पर्धाओं का आयोजन ग्रुप-17 के अंतर्गत किया जाना था। इसमें अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं के मुकाबले प्रस्तावित थे। इसके अलावा 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के लिए ओपन प्रतियोगिताएं भी आयोजित होनी थीं।
प्रतियोगिताओं के साथ समापन एवं अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई थी। हालांकि, अब सभी प्रस्तावित स्पर्धाओं को अग्रिम आदेश तक टाल दिया गया है। विभाग की ओर से नई समय-सारिणी जारी होने के बाद ही प्रतियोगिताओं के आयोजन की अगली प्रक्रिया शुरू होगी।
फिलहाल खिलाड़ियों को नई तारीखों का इंतजार करना होगा।

Ad