कुंभ-2027 की तैयारियों में स्वच्छता पर सरकार का बड़ा दांव, 25 करोड़ रुपये का प्रस्ताव मंजूर

खबर शेयर करें -

हरिद्वार में सफाई व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की तैयारी, कर्मियों का होगा बायोमेट्रिक सत्यापन

देहरादून: कुंभ मेला-2027 को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और बेहतर बनाने के लिए सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में हरिद्वार में एकीकृत स्वच्छता संचालन के तहत मानव संसाधन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 25 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इस व्यवस्था के जरिए कुंभ के दौरान सफाई कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के साथ ही कर्मचारियों की तैनाती और उनके कामकाज पर भी निगरानी रखी जाएगी।

मुख्य सचिव ने इस संबंध में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वच्छता कार्यों में लगी आउटसोर्सिंग एजेंसियों और सफाई कर्मचारियों का सत्यापन आधुनिक तकनीकों के माध्यम से कराया जाए। इसके लिए बायोमेट्रिक प्रणाली सहित अन्य डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की वास्तविक उपस्थिति और उनके द्वारा किए गए कार्यों की जांच के बाद ही संबंधित एजेंसियों को भुगतान किया जाए। इससे व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहेगी और किसी भी तरह की अनियमितता की आशंका को कम किया जा सकेगा।

दरअसल, कुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच स्वच्छता बनाए रखना बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में सरकार का प्रयास है कि मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था केवल कर्मचारियों की तैनाती तक सीमित न रहे, बल्कि उसकी नियमित निगरानी और जवाबदेही भी सुनिश्चित हो। नई व्यवस्था लागू होने से कुंभ के दौरान स्वच्छता प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित और तकनीक आधारित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Ad