बागेश्वर में डीएम के नाम पर ठगी की कोशिश, विदेशी नंबर से मांगी गई रकम
बागेश्वर। जिले में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे की पहचान का दुरुपयोग कर लोगों से धनराशि मांगने की कोशिश की गई। इसके लिए थाइलैंड के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया गया और उसकी प्रोफाइल पर जिलाधिकारी की तस्वीर लगाई गई। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, विदेशी नंबर से जिलाधिकारी के समकक्ष चार अधिकारियों को संदेश भेजे गए। इन संदेशों में जरूरत का हवाला देकर धनराशि मांगी गई थी। हालांकि, संदेशों की भाषा और नंबर को लेकर संदेह होने पर अधिकारियों ने सीधे जिलाधिकारी से संपर्क कर पूरे मामले की पुष्टि की। राहत की बात यह रही कि किसी भी अधिकारी ने बताए गए नंबर पर पैसे ट्रांसफर नहीं किए।
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने वीडियो संदेश जारी कर आमजन को सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनजान नंबरों से आने वाले ऐसे संदेशों पर बिना पुष्टि भरोसा न करें। यदि किसी अधिकारी या सरकारी पदाधिकारी के नाम से पैसों की मांग की जाती है तो संबंधित व्यक्ति से आधिकारिक माध्यम से संपर्क कर उसकी सत्यता जरूर जांच लें।
वहीं, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआइयू) ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध संदेश के झांसे में आकर धनराशि हस्तांतरित न करें।


