उत्तराखंड में विकास योजनाओं को रफ्तार, 709 करोड़ की पेयजल परियोजनाओं को मंजूरी

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में पेयजल सुविधाओं के विस्तार और आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को गति देने की दिशा में सरकार ने अहम कदम उठाया है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई व्यय वित्त समिति की बैठक में विकास से जुड़े पांच महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में कुल आठ प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए थे।

बैठक में सबसे अहम सहसपुर की 326.64 करोड़ रुपये की पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी जलाशय परियोजना और नैनीताल जिले की 382.40 करोड़ रुपये की खैरना बैराज पेयजल परियोजना को स्वीकृति मिली। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 709.04 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन योजनाओं को मंजूरी मिलने से पेयजल से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।

इसके साथ ही बागेश्वर में नए सर्किट हाउस के निर्माण का रास्ता भी साफ हो गया है। राज्य संपत्ति विभाग एवं लोक निर्माण विभाग से संबंधित इस प्रस्ताव के तहत 13.15 करोड़ रुपये की लागत से सर्किट हाउस बनाया जाएगा। वहीं, नैनीताल जिले में दुनिघाट से रातिघाट (पाडली) तक कैंची धाम बाईपास मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण के लिए 21.81 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे क्षेत्र में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

Ad