2027-28 से 10वीं की पढ़ाई में होगा बदलाव, NCERT तैयार कर रही नई किताबें
स्कूली शिक्षा में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) को लागू करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है। अब कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को भी नए पाठ्यक्रम के अनुरूप तैयार की गई पाठ्यपुस्तकों से पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। एनसीईआरटी ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 से दसवीं कक्षा में नई किताबें लागू करने की तैयारी तेज कर दी है।
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत तैयार हो रही पुस्तकों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। योजना के अनुसार, नई पाठ्यपुस्तकों का प्रकाशन अगले महीने से शुरू हो जाएगा। इसके बाद मार्च 2027 तक दसवीं कक्षा के सभी विषयों की किताबें उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
दरअसल, एनसीईआरटी चरणबद्ध तरीके से स्कूली कक्षाओं के पाठ्यक्रम और पुस्तकों में बदलाव कर रही है। इसी क्रम में कक्षा 9वीं की सभी नई पाठ्यपुस्तकें शैक्षणिक सत्र 2026-27 में लागू की जा चुकी हैं। हालांकि, सामाजिक विज्ञान सहित कुछ विषयों की किताबें विद्यार्थियों तक पहुंचने में देरी हुई थी।
पिछले अनुभव को देखते हुए परिषद इस बार दसवीं की पुस्तकों को समय रहते तैयार करने पर जोर दे रही है, ताकि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में विद्यार्थियों को किताबों की कमी का सामना न करना पड़े।
नई पाठ्यपुस्तकों के लागू होने के साथ ही 2027-28 का शैक्षणिक सत्र दसवीं के विद्यार्थियों के लिए नए पाठ्यक्रम के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाला है।


