केदारनाथ में फिर दिखी सारा अली खान की आस्था, आम श्रद्धालु बन बाबा के दर पहुंचीं अभिनेत्री
रुद्रप्रयाग। बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान का बाबा केदारनाथ के प्रति लगाव एक बार फिर देखने को मिला। केदारनाथ धाम पहुंचीं अभिनेत्री ने यहां दो से तीन दिन बिताए। इस दौरान उनका ज्यादातर समय आध्यात्मिक गतिविधियों और बाबा केदार की भक्ति में बीता। मंदिर में दर्शन के साथ उन्होंने भीम शिला के समीप साधना की और भैरवनाथ मंदिर पहुंचकर भी पूजा-अर्चना की।
सारा अली खान 26 अक्टूबर को केदारनाथ धाम में आयोजित केदार ड्राइव में हिस्सा लेने पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने धाम में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान में भी सक्रिय भागीदारी निभाई। खास बात यह रही कि ऊंचाई वाले क्षेत्र में बर्फबारी और ठंड के बावजूद वह सफाई अभियान में जुटी नजर आईं।
अभिनेत्री ने अपनी यात्रा को किसी वीआईपी दौरे तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने आम श्रद्धालुओं के बीच कतार में लगकर बाबा केदार के दर्शन किए। मंदिर परिसर में मौजूद साधु-संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद भी लिया।
मंदिर के पीछे स्थित भीम शिला के पास सारा को ध्यान और साधना में लीन देखा गया। उनकी इस धार्मिक यात्रा ने एक बार फिर केदारनाथ धाम में मौजूद श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। सादगी, आध्यात्मिक रुचि और स्वच्छता अभियान में भागीदारी के चलते उनकी यात्रा धाम में चर्चा का विषय बनी रही।


