दीपावली पर कॉर्बेट के जंगल में हाई अलर्ट, शिकारियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन तैनात

खबर शेयर करें -

रामनगर। दीपावली के त्योहार के बीच वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन सतर्क हो गया है। जंगल में शिकारियों की संभावित घुसपैठ को रोकने के लिए पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है। संवेदनशील इलाकों में वनकर्मियों की निगरानी बढ़ाने के साथ ही दिन और रात दोनों समय गश्त की जा रही है। जंगल की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन तकनीक की भी मदद ली जा रही है।

त्योहारी सीजन को देखते हुए वन विभाग ने कर्मचारियों की छुट्टियों पर भी विशेष निगरानी रखी है। आवश्यक सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित होने से बचाने के लिए विशेष परिस्थितियों में ही कर्मियों को अवकाश देने का निर्णय लिया गया है।

यूपी सीमा से सटे इलाकों पर विशेष नजर

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की दक्षिणी सीमा उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से जुड़ी हुई है। वन विभाग के लिए यह क्षेत्र विशेष सतर्कता वाला माना जा रहा है। त्योहार के दौरान लोगों की व्यस्तता का फायदा उठाकर शिकारियों के जंगल में दाखिल होने की आशंका को देखते हुए इस सीमा से सटे वन क्षेत्रों में निगरानी तेज कर दी गई है।

कॉर्बेट का जंगल बाघ, हाथी समेत कई दुर्लभ वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास है। ऐसे में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।

नदी-नालों और वन चौकियों को किया अलर्ट

जारी दिशा-निर्देशों के तहत वन चौकियों पर तैनात कर्मचारियों को लगातार सतर्क रहने को कहा गया है। खासतौर पर नदी-नालों के आसपास गश्त के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के साथ ड्रोन के जरिए भी जंगल की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

कॉर्बेट प्रशासन का पूरा जोर त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और वन्यजीवों को शिकारियों से सुरक्षित रखने पर है।

Ad