धामी कैबिनेट की 22 अक्टूबर को अहम बैठक, 3000 करोड़ से अधिक के अनुपूरक बजट पर लग सकती है मुहर
देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा सत्र से पहले धामी सरकार बजट और विधायी एजेंडे को अंतिम रूप देने की तैयारी में जुट गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में 22 अक्टूबर को मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में अनुपूरक बजट समेत कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा के बाद निर्णय लिए जाने की संभावना है।
प्रदेश में 27 अक्टूबर से गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में दो दिवसीय विधानसभा सत्र प्रस्तावित है। सत्र के दौरान सरकार चालू वित्तीय वर्ष के लिए अनुपूरक बजट सदन में पेश करेगी। माना जा रहा है कि 3000 करोड़ रुपये से अधिक के अनुपूरक बजट के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिल सकती है। इस बजट के जरिए वर्ष के शेष महीनों में विकास योजनाओं और विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए अतिरिक्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने की तैयारी है।
पंचायतों और नगर निकायों के अनुदान पर भी होगी चर्चा
कैबिनेट बैठक में छठे राज्य वित्त आयोग की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी। इस रिपोर्ट में त्रिस्तरीय पंचायतों और नगर निकायों को राज्य सरकार की ओर से दिए जाने वाले अनुदान से जुड़े विषय शामिल हैं। स्थानीय निकायों को मिलने वाले वित्तीय संसाधनों के लिहाज से इस रिपोर्ट को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विधानसभा सत्र से पहले सरकार की तैयारी तेज
भराड़ीसैंण में प्रस्तावित विधानसभा सत्र को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सत्र के दौरान अनुपूरक बजट पारित कराने के साथ ही अन्य विधायी कार्य भी किए जाने की संभावना है। ऐसे में 22 अक्टूबर को होने वाली कैबिनेट बैठक को सरकार के आगामी वित्तीय और विधायी फैसलों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
कैबिनेट की बैठक में लिए जाने वाले निर्णयों पर अब सबकी नजरें टिकी हैं।


