नरेंद्रनगर महाविद्यालय में योग के जरिए फिटनेस का संदेश, विद्यार्थियों ने किया सूर्य नमस्कार

खबर शेयर करें -

नरेंद्रनगर। शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय, नरेंद्रनगर में सूर्य नमस्कार योग सत्र का आयोजन किया गया। उत्तराखंड राज्य सेवा संकल्प अभियान और ‘मेरे सपनों का भारत–विकसित भारत @2047’ की भावना के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों और महाविद्यालय के कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

महाविद्यालय की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत समिति’ तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत आयोजित इस सत्र में प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया। कार्यक्रम के माध्यम से नियमित योग और शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य डॉ. दलीप बिष्ट ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और कार्मिकों से अपनी दिनचर्या में योग को नियमित रूप से शामिल करने की अपील की।

वहीं, एक भारत श्रेष्ठ भारत समिति के संयोजक डॉ. जितेंद्र नौटियाल ने उत्तराखंड राज्य सेवा संकल्प अभियान और ‘मेरे सपनों का भारत–विकसित भारत @2047’ की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए फिट इंडिया मूवमेंट के उद्देश्यों की जानकारी दी। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोज फोन्दणी ने सूर्य नमस्कार के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली में इसकी उपयोगिता के बारे में बताया।

इस अवसर पर डॉ. संजय मेहर, डॉ. सुधा रानी, डॉ. सृचना सचदेवा, डॉ. विक्रम सिंह, डॉ. सोनी तिलारा, डॉ. ज्योति, डॉ. सुशील कगड़ियाल, डॉ. देवेंद्र कुमार, डॉ. विजय प्रकाश, डॉ. हरीश रतूड़ी, डॉ. नेतराम, डॉ. वरुण कुमार, रचना कठैत, सोनिया सैनी, शिशुपाल रावत, अजय पुंडीर, श्रीमती रमा सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Ad