राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता के समापन समारोह में पहुंचे विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के खदरी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता-2026 का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। समापन समारोह में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का विकास ही नहीं करते, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता जैसे गुणों को भी मजबूत बनाते हैं। राज्य सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार का उद्देश्य है कि उत्तराखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

डॉ. अग्रवाल ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि हार और जीत खेल का अभिन्न हिस्सा हैं, लेकिन खेल भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ते रहना ही एक सच्चे खिलाड़ी की पहचान है। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर महावीर उपाध्याय, प्रबंधक नालंदा शिक्षण संस्थान, लक्ष्मण सिंह चौहान, प्रबंधक शिवालिक भागीरथी स्कूल, सरोप सिंह पुंडीर, पूर्व प्रधान, मोहन सिंह रावत, गुरदेव सिंह रावत, टीम कोच, नागेंद्र प्रसाद, कार्यक्रम संचालक, ताजबीर सिंह पडियार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Ad