दून में एक लाख से अधिक गैस कनेक्शन ब्लॉक, ई-केवाईसी के बाद ही मिलेगी रसोई गैस

खबर शेयर करें -

देहरादून। घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना अब बेहद जरूरी हो गया है। निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद तेल कंपनियों ने दून जिले में ई-केवाईसी नहीं कराने वाले एक लाख से अधिक घरेलू गैस उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक कर दिए हैं। इसके साथ ही इन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग भी निलंबित कर दी गई है। ऐसे में अब सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही उपभोक्ता दोबारा गैस बुक करा सकेंगे।

घरेलू गैस कनेक्शनों का आधार आधारित ई-केवाईसी सत्यापन पिछले कई महीनों से चल रहा था। तेल कंपनियों की ओर से उपभोक्ताओं को प्रक्रिया पूरी करने के लिए पर्याप्त समय भी दिया गया और समयसीमा बढ़ाई गई। इसके बावजूद बड़ी संख्या में उपभोक्ता सत्यापन नहीं करा सके। 30 सितंबर की अंतिम तिथि बीतने के बाद ऐसे कनेक्शनों को ब्लॉक कर दिया गया। इस कार्रवाई में वे उपभोक्ता भी शामिल हैं, जिन्होंने पहले ही गैस बुकिंग करा ली थी।

8.7 लाख उपभोक्ताओं को मिलती है गैस आपूर्ति

दून जिले में 70 गैस एजेंसियों के माध्यम से करीब 8.7 लाख घरेलू गैस उपभोक्ताओं को आपूर्ति की जाती है। इनमें से एक लाख से अधिक कनेक्शन ब्लॉक होने से बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हुए हैं। गैस बुकिंग निलंबित होने के बाद उपभोक्ताओं को पहले ई-केवाईसी पूरी करानी होगी। इसी के चलते गैस एजेंसियों में सत्यापन कराने के लिए उपभोक्ताओं की आवाजाही बढ़ने लगी है।

मोबाइल एप और बायोमेट्रिक से भी होगी ई-केवाईसी

जिला आपूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल के अनुसार, ई-केवाईसी पूरी होते ही ब्लॉक किए गए कनेक्शन स्वतः बहाल हो जाएंगे। उपभोक्ताओं को इसके लिए गैस एजेंसी के चक्कर लगाने की अनिवार्यता नहीं है। वे संबंधित तेल कंपनी के मोबाइल एप के माध्यम से भी अपना सत्यापन करा सकते हैं।

इसके अलावा गैस एजेंसी के डिलीवरी कर्मियों के पास उपलब्ध बायोमेट्रिक मशीन अथवा फेस स्कैन के जरिए भी ई-केवाईसी की सुविधा दी गई है। जो उपभोक्ता एजेंसी पहुंचकर प्रक्रिया पूरी करना चाहते हैं, वे आधार कार्ड, गैस पासबुक और आधार से जुड़े मोबाइल नंबर सहित आवश्यक दस्तावेज लेकर जा सकते हैं।

ई-केवाईसी लंबित होने के कारण गैस बुकिंग में आ रही परेशानी से बचने के लिए उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द सत्यापन पूरा कराने की सलाह दी गई है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही ब्लॉक कनेक्शन बहाल होंगे और गैस बुकिंग दोबारा शुरू हो सकेगी।

Ad