रायवाला: भूमि पूजन के साथ पंचम श्रीरामलीला महोत्सव का शुभारंभ, 20 अक्टूबर से होगा मंचन

खबर शेयर करें -

रायवाला, प्रतीतनगर। लोक कल्याण समिति (रजि.), प्रतीतनगर, रायवाला द्वारा आयोजित पंचम श्री रामलीला महोत्सव का विधिवत भूमि पूजन एवं ध्वज पूजन के साथ शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आचार्य संजय सेमवाल ने समिति के पदाधिकारियों एवं श्रीराम भक्तों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजन संपन्न कराया। वहीं, श्री हनुमान जी की भूमिका निभाने वाले आशीष सेमवाल ने ध्वज आरोहण किया।

लोक कल्याण समिति के प्रवक्ता एवं श्री रामलीला महोत्सव के मुख्य मंच उद्घोषक विरेन्द्र नौटियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि समिति एवं श्रीराम भक्तों के सहयोग से 20 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक पंचम श्री रामलीला महोत्सव का आयोजन राजकीय प्राथमिक विद्यालय, श्री रामलीला चौक, वार्ड नंबर 06, प्रतीतनगर, रायवाला में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष महोत्सव के अंतर्गत पहली बार भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह कलश यात्रा 20 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 3 बजे बनखंडी महादेव मंदिर, प्रतीतनगर से प्रारंभ होकर राजकीय प्राथमिक विद्यालय, प्रतीतनगर तक जाएगी। समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं श्रीराम भक्तों से कलश यात्रा में सम्मिलित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने की अपील की है।

उन्होंने आगे बताया कि महोत्सव को भव्य एवं सफल बनाने के लिए समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस धार्मिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग एवं सत्य के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना तथा क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देना है।

महोत्सव के ध्वज की संपूर्ण व्यवस्था श्री रामलीला के मुख्य निर्देशक महेंद्र सिंह राणा द्वारा की गई।

इस अवसर पर लोक कल्याण समिति के उपाध्यक्ष बालेन्द्र सिंह नेगी, सचिव नरेश थपलियाल, कोषाध्यक्ष मुकेश तिवाड़ी, महिला कल्याण सचिव अंजू बडोला, सदस्य राम सिंह, अनीता जुगलान, ग्राम प्रधान प्रतीतनगर राजेश जुगलान, श्रीधर प्रसाद नौटियाल, नवीन चमोली, आशीष सेमवाल, नितेश सेमवाल, सौरभ चमोली, इन्द्रा थापा, गोपाल सेमवाल, सन्नी, सिकंदर सिंह, आयुष जोशी, भगवान शरण, सूरज चमोली, विजय, अर्जुन, अजय, प्रिंस, विष्णु, राज, सूर्यांश, कृष्णा, महेश, अंश, यश, समर, गौरव, जतिन, आयुष एवं रोहित धमाका सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Ad