उत्तराखंड में अग्निवीरों के लिए सेवा का नया अवसर, पीएसी में दो जवानों के समायोजन को CM धामी की मंजूरी

खबर शेयर करें -

देहरादून। भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने जा रहे अग्निवीरों को आगे भी सेवा से जोड़ने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नवंबर 2026 में सेना से सेवामुक्त होने वाले पहले बैच के दो अग्निवीरों को 40वीं वाहिनी पीएसी में उपलब्ध रिक्त पदों के सापेक्ष समायोजित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

दरअसल, भारतीय सेना में अग्निवीर योजना के तहत भर्ती हुए जवानों का पहला बैच नवंबर 2026 में अपनी निर्धारित सेवा अवधि पूरी कर सशस्त्र बलों से सेवामुक्त होने जा रहा है। इसी क्रम में भारत सरकार के संयुक्त सचिव की ओर से भेजे गए पत्र के माध्यम से उत्तराखंड के दो अग्निवीरों के समायोजन की अपेक्षा की गई थी।

प्रस्ताव पर विचार के बाद मुख्यमंत्री धामी ने दोनों अग्निवीरों को 40वीं वाहिनी पीएसी में उपलब्ध रिक्त पदों के सापेक्ष समायोजित करने पर सहमति प्रदान कर दी। इस निर्णय के तहत सेना में सेवा दे चुके इन जवानों को आगे भी सेवा का अवसर मिल सकेगा।

राज्य सरकार के इस कदम को सेना से निकलने के बाद अग्निवीरों के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक पहल के रूप में देखा जा रहा है। इससे सैन्य सेवा के दौरान अर्जित अनुभव और अनुशासन का उपयोग राज्य की सुरक्षा व्यवस्था में भी किया जा सकेगा।

Ad