स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद अब सीधे ग्राहकों तक, त्रिवेणी घाट बनेगा महिला उद्यमिता का केंद्र

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: शहर में महिला सशक्तिकरण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में नगर निगम ऋषिकेश ने एक सराहनीय पहल की है। निगम प्रशासन अब स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए त्रिवेणी घाट क्षेत्र में विशेष ‘हाट’ विकसित करने जा रहा है। इस हाट का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

नगर निगम के अनुसार, शहर में सक्रिय स्वयं सहायता समूह वर्षों से घरेलू और हैंडमेड उत्पाद बना रहे हैं, लेकिन उन्हें उचित बाजार और पहचान नहीं मिल पाती थी। ऐसे में निगम ने निर्णय लिया है कि व्यस्ततम क्षेत्रों में हाट मार्केट विकसित किया जाए, जहां महिलाएं अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचा सकें।

यह हाट त्रिवेणी घाट के आसपास विकसित किया जाएगा, जहां रोजाना हजारों की संख्या में स्थानीय लोग, तीर्थयात्री और पर्यटक पहुंचते हैं। इससे SHG की महिलाओं को बड़ा ग्राहक वर्ग मिलेगा।

निगम अधिकारियों का कहना है कि हाट के लिए उचित स्थान, स्टॉल, सफाई व्यवस्था और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। हाट में वे महिलाएं अपने उत्पाद बेच सकेंगी, जो फूड आइटम, हैंडीक्राफ्ट, कपड़े, जैविक उत्पाद, स्थानीय हस्तशिल्प, आभूषण या घरेलू उपयोग की वस्तुएं बनाती हैं। इससे महिलाओं को न केवल आर्थिक मदद मिलेगी बल्कि उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर भी मिलेगा।

निगम प्रशासन यह भी सुनिश्चित करेगा कि महिलाओं को मार्केटिंग, प्रोडक्ट पैकेजिंग, मूल्य निर्धारण और व्यवसाय प्रबंधन से जुड़े प्रशिक्षण भी दिए जाएं। इससे वे अपना व्यवसाय अधिक प्रोफेशनल तरीके से चला सकेंगी।

नगर निगम का यह कदम स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा और पर्यटन के केंद्र ऋषिकेश में नई आकर्षण स्थल के रूप में उभरेगा।

Ad