उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी से लौटी ठंड, चारधाम की चोटियों पर गिरी बर्फ; सात जिलों में फिर वर्षा के आसार
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का बदला रुख अब ठंड बढ़ाने लगा है। रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जबकि ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। केदारनाथ, बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब के आसपास की चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली। वहीं, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में बारिश के बाद ठंड का असर बढ़ गया। मौसम में आए इस बदलाव का असर चारधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं पर भी पड़ा है, हालांकि यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
पहाड़ों में तीन दिन से सामान्य से नीचे तापमान
प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में बीते तीन दिनों से तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। रविवार को दोपहर बाद आसमान में बादल घिरने के साथ मौसम ने करवट ली। इसके बाद कई क्षेत्रों में वर्षा का सिलसिला शुरू हो गया। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश के कारण ठिठुरन बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने सोमवार को भी प्रदेश के सात पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है। ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी के आसार हैं। वहीं, देहरादून समेत कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना भी जताई गई है। प्रदेश के शेष हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
देहरादून में सामान्य से दो डिग्री नीचे पहुंचा पारा
बारिश का असर राजधानी के तापमान पर भी दिखाई दिया। रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। हालांकि, न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
मैदानी क्षेत्र पंतनगर में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में पारा काफी नीचे दर्ज किया गया। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 19 डिग्री और नई टिहरी में 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटों में पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी कम रहा, जबकि मैदानी इलाकों में यह सामान्य से कम से लेकर सामान्य के आसपास बना रहा।
लक्सर में 26.5 मिमी बारिश, खानपुर में भी बरसे बादल
रविवार को प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में अलग-अलग तीव्रता की बारिश दर्ज की गई। सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, लक्सर में सबसे अधिक 26.5 मिलीमीटर वर्षा हुई। खानपुर में 25 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
इसी अवधि में यमकेश्वर में 16.5 मिलीमीटर, हरिद्वार में 15 मिलीमीटर, धनोल्टी में 14.5 मिलीमीटर और लैंसडौन में 13.5 मिलीमीटर बारिश हुई। देहरादून में 6.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को भी पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का असर बना रह सकता है। ऐसे में पहाड़ों की यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की जरूरत है।


