उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार; मैदानों में खिली धूप

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। मैदानी इलाकों में तेज धूप के चलते गर्माहट बढ़ रही है, जबकि पहाड़ों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश से ठंडक बरकरार है। मौसम विभाग ने प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।

प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन के समय चटख धूप निकलने से तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसके विपरीत, पर्वतीय जिलों में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बौछारें पड़ने से तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास हो रहा है।

ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज प्रदेश के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी आशंका है। वहीं, समुद्र तल से 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।

मौसम के इस बदले रुख के चलते जहां पहाड़ों में ठंडक का असर बना रह सकता है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में धूप के कारण तापमान सामान्य या उससे अधिक रहने का अनुमान है। ऐसे में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है।

Ad