दिल्ली में प्रदर्शन की आंच ऋषिकेश तक, रोडवेज बसों में आधे से भी कम यात्री
ऋषिकेश। दिल्ली में जारी विरोध प्रदर्शन का असर अब ऋषिकेश से दिल्ली के बीच संचालित रोडवेज बस सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। प्रदर्शन के चलते यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई है। दिल्ली जाने वाले कई यात्रियों ने अपनी ऑनलाइन टिकटें रद्द करा दीं, वहीं दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचने वाली बसों में भी यात्रियों की संख्या सामान्य से काफी कम दर्ज की गई। सप्ताहांत होने के बावजूद बसों में पहले जैसी भीड़ नजर नहीं आई।
ऋषिकेश से दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डे (आईएसबीटी) के लिए प्रतिदिन अनुबंधित सीएनजी, वोल्वो और एसी बसों सहित करीब 40 बस सेवाओं का संचालन किया जाता है। हालांकि, मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए बसों की आवाजाही कश्मीरी गेट तक नहीं हो पा रही है। फिलहाल बसों को दिलशाद गार्डन तक ही संचालित किया जा रहा है और इससे आगे जाने की अनुमति नहीं मिल रही है।
बस सेवाएं जारी, लेकिन यात्रियों की संख्या घटी
यात्रियों की कम संख्या के बावजूद परिवहन व्यवस्था पूरी तरह बंद नहीं हुई है। ऋषिकेश से दिल्ली के बीच संचालित किसी भी बस सेवा को निरस्त नहीं किया गया है। हालांकि, दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या में कमी आने से बसों में सीटें खाली रह रही हैं। वहीं, दिल्ली से आने वाली बसों में भी यात्रीभार 50 प्रतिशत से नीचे रहने की बात सामने आई है।
सप्ताहांत पर भी नहीं दिखी सामान्य रौनक
आमतौर पर सप्ताहांत में दिल्ली-एनसीआर से बड़ी संख्या में पर्यटक ऋषिकेश पहुंचते हैं। खासकर महीने के दूसरे शनिवार और रविवार को पर्यटन गतिविधियों में तेजी आने के साथ सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ जाता है। लेकिन इस बार दिल्ली में चल रहे विरोध प्रदर्शन के कारण यात्रियों की आवाजाही प्रभावित रही। इसका असर ऋषिकेश आने-जाने वाली बसों में भी देखने को मिला।


