चार दिन में दूसरी बार भूकंप के झटके, उत्तरकाशी में रात को मची हलचल

खबर शेयर करें -

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी और आसपास के इलाकों में भूकंप के झटकों से एक बार फिर लोगों में दहशत फैल गई। शनिवार रात करीब 8:07 बजे धरती हिलने से घरों और दुकानों में मौजूद लोग घबराकर बाहर निकल आए। अचानक आए झटकों के चलते कुछ देर तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.2 मापी गई। भूकंप का केंद्र बसुंगा के जंगलों में जमीन से करीब 11 किलोमीटर की गहराई पर बताया गया है। झटके महसूस होते ही लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे। भूकंप का असर आसपास के क्षेत्रों में भी महसूस किया गया।

चार दिन के भीतर दूसरी बार कांपी धरती

उत्तरकाशी में लगातार महसूस हो रहे भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। चार दिन के भीतर दूसरी बार क्षेत्र में भूकंप आने से स्थानीय लोग सतर्क हो गए हैं। रात के समय झटके महसूस होने से लोग विशेष रूप से घबरा गए और कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए।

फिलहाल प्रशासन की ओर से किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं की गई है। भूकंप के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Ad