अखिलेश यादव के बयान पर सीएम धामी का पलटवार, बोले- उत्तराखंडवासियों का अपमान बर्दाश्त नहीं

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंडवासियों को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव के बयान पर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि देवभूमि और वीरभूमि उत्तराखंड के लोगों का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अखिलेश यादव से अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल उसकी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत तक सीमित नहीं है, बल्कि इस धरती ने देश को वीर सैनिक, संत और राष्ट्रसेवा में समर्पित अनेक महान व्यक्तित्व भी दिए हैं। ऐसे प्रदेश के लोगों को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करना उनके संघर्ष, त्याग और स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने जैसा है।

रामपुर तिराहा कांड का जिक्र कर साधा निशाना

सीएम धामी ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के इतिहास की याद दिलाते हुए मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में हुए रामपुर तिराहा कांड का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पृथक उत्तराखंड राज्य की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे लोगों पर उस दौर में गोलियां चलाई गई थीं। धामी ने आरोप लगाया कि जिस राज्य के लोगों ने अलग पहचान और अधिकारों के लिए संघर्ष किया, आज उन्हीं लोगों को घुसपैठिया बताने जैसी टिप्पणी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अपने राज्य के निर्माण के लिए किए गए संघर्ष और दिए गए बलिदानों को कभी नहीं भुला सकती। राज्य आंदोलनकारियों का योगदान उत्तराखंड के इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा है और उनके सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।

कांग्रेस से भी मांगा रुख स्पष्ट करने को

अखिलेश यादव से माफी की मांग करने के साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस को भी इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की चुनौती दी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस अपने राजनीतिक सहयोगी के इस बयान का समर्थन करती है? धामी के इस बयान से उत्तराखंड में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज होने के संकेत हैं।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उत्तराखंड की जनता स्वाभिमानी है और अपने सम्मान, पहचान तथा राज्य निर्माण के इतिहास को लेकर सजग है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेशवासियों के सम्मान से जुड़ा कोई भी मुद्दा नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

Ad