उत्तराखंड के प्राथमिक स्कूलों में 400 से अधिक शिक्षकों की होगी भर्ती
देहरादून। उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में शिक्षा विभाग ने कदम बढ़ाए हैं। प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों के 400 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के खाली पदों को पदोन्नति के माध्यम से भरने और शिक्षकों के तर्कसंगत तैनाती सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
शासकीय आवास पर आयोजित बैठक में शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता विद्यार्थियों की संख्या और जरूरत के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश के कुछ स्कूलों में छात्र संख्या कम होने के बावजूद जरूरत से अधिक शिक्षक तैनात हैं, जबकि कई अन्य विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या अधिक है। ऐसे में कम छात्र संख्या वाले स्कूलों से शिक्षकों को आवश्यकता वाले विद्यालयों में भेजने के निर्देश दिए गए, ताकि शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों पर पदोन्नति में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के खाली पदों का मुद्दा भी उठा। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को इन पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्यों की समय पर तैनाती होने से विद्यालयों में शैक्षणिक कार्यों के साथ प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
विभागीय योजनाओं की भी हुई समीक्षा
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बैठक के दौरान विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं से जुड़े निर्माण और विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ भूमि-पूजन, शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सचिव शिक्षा ज्योति यादव, अपर सचिव नमामि बंसल, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा आकांक्षा कोण्डे और निदेशक एससीईआरटी वंदना गर्त्याल सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


