पुरानी पेंशन और टीईटी से छूट की मांग पर शिक्षकों का प्रदर्शन

खबर शेयर करें -

देहरादून। टीईटी से छूट और पुरानी पेंशन योजना की बहाली समेत नौ सूत्री मांगों को लेकर उत्तराखंड के प्राथमिक शिक्षक सड़क पर उतर आए। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के नेतृत्व में प्रदेशभर से राजधानी पहुंचे शिक्षकों ने परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। हालांकि, हाथीबड़कला चौकी के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान शिक्षकों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद शिक्षक मौके पर ही धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार के समक्ष नाराजगी जताई। उनका कहना था कि आरटीई लागू होने से पहले निर्धारित शैक्षिक और प्रशिक्षण संबंधी योग्यताओं के आधार पर नियुक्त औपबंधिक शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) से छूट दी जानी चाहिए। शिक्षकों ने इसे उनकी नियुक्ति से जुड़ा अहम मुद्दा बताते हुए राहत देने की मांग की।

नई पेंशन व्यवस्था में शामिल शिक्षकों ने उठाई पुरानी पेंशन की मांग

शिक्षकों की प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना की बहाली भी शामिल रही। उन्होंने औपबंधिक शिक्षकों के साथ अन्य पात्र कर्मचारियों को भी पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की मांग की। इसके अलावा नई पेंशन योजना के दायरे में शामिल शिक्षकों को पुरानी पेंशन व्यवस्था में शामिल करने की मांग उठाई गई।

मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान बैरिकेडिंग पर रोके जाने के बाद शिक्षक धरने पर बैठ गए। बाद में सचिव विनय शंकर पांडे की ओर से मांगों को लेकर आश्वासन दिए जाने पर शिक्षकों ने धरना समाप्त कर दिया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से देहरादून पहुंचे शिक्षकों ने नौ सूत्री मांगों के समाधान की अपेक्षा जताई।

Ad