घरेलू गैस कनेक्शन के लिए करना होगा इंतजार, देहरादून में 1932 के पार पहुंचे आवेदन

खबर शेयर करें -

देहरादून। घरेलू रसोई गैस का नया कनेक्शन लेने की योजना बना रहे उपभोक्ताओं को अभी इंतजार करना पड़ेगा। तेल कंपनियों की ओर से नए घरेलू गैस कनेक्शन जारी करने पर रोक के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि नए कनेक्शन के लिए आवेदनों की संख्या 1932 के पार पहुंच चुकी है। हालांकि, पहले से जारी कनेक्शन को दूसरे पते या एजेंसी में स्थानांतरित कराने की सुविधा उपलब्ध है।

नए कनेक्शन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण उपभोक्ता लगातार आपूर्ति कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। कई लोग नए कनेक्शन के लिए जानकारी जुटा रहे हैं, लेकिन फिलहाल उन्हें राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। दूसरी ओर, जिन उपभोक्ताओं के पास पहले से घरेलू गैस कनेक्शन है, वे निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर उसे अपनी सुविधा के अनुसार दूसरी एजेंसी में ट्रांसफर करा सकते हैं।

राज्य की किसी भी एजेंसी में करा सकेंगे कनेक्शन ट्रांसफर

घरेलू गैस कनेक्शन के स्थानांतरण को लेकर उपभोक्ताओं को राहत दी गई है। जिला आपूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल के अनुसार, उत्तराखंड के किसी भी जिले का उपभोक्ता अपना मौजूदा घरेलू गैस कनेक्शन राज्य की किसी भी गैस एजेंसी में ट्रांसफर करा सकता है। इसके लिए प्रदेश की 70 एजेंसियों पर सुविधा चालू है।

ट्रांसफर के लिए जमा करने होंगे ये दस्तावेज

कनेक्शन ट्रांसफर कराने के लिए उपभोक्ता को सबसे पहले अपनी मौजूदा गैस एजेंसी में गैस पासबुक यानी सब्सक्रिप्शन वाउचर, रेगुलेटर और सिलेंडर जमा कराने होंगे। इसके बाद एजेंसी से प्राप्त सब्सक्रिप्शन वाउचर के साथ अपनी पसंद की दूसरी गैस एजेंसी में आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे।

दस्तावेजों के सत्यापन और संबंधित एजेंसी की निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद गैस कनेक्शन स्थानांतरित कर दिया जाएगा। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं को पता बदलने या सुविधा के अनुसार दूसरी एजेंसी से जुड़ने की जरूरत है, वे इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। वहीं, नए कनेक्शन का इंतजार कर रहे उपभोक्ताओं को फिलहाल तेल कंपनियों की ओर से रोक हटाए जाने का इंतजार करना होगा।

Ad