धारकोट गांव में गुलदार का हमला, चार बकरियों की मौत से ग्रामीणों में दहशत
घर के पास बंधी बकरियों को बनाया निशाना, वन विभाग ने शुरू की मुआवजे की प्रक्रिया
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में गुलदार की सक्रियता से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। विकासखंड के डांडा मंडल स्थित धारकोट गांव में गुलदार ने घर के समीप बंधी चार बकरियों को मार डाला। दिनदहाड़े हुई इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
पीड़ित शिव प्रकाश उनियाल के अनुसार, घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे की है। उन्होंने घर के पास रस्सी से बकरियां बांध रखी थीं। इसी दौरान अचानक पहुंचे गुलदार ने बकरियों पर हमला कर दिया। बकरियों की चीख-पुकार सुनकर जब वह मौके पर पहुंचे, तो गुलदार जंगल की ओर भाग चुका था। घटनास्थल पर चार बकरियां मृत मिलीं।
घर के नजदीक हुई इस घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। गुलदार की मौजूदगी से लोगों को अपने मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है।
वहीं, लालढांग रेंज के अधिकारी अनुराग जोशी ने बताया कि पीड़ित को हुए नुकसान के संबंध में मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


