ऋषिकेश में टीबी मरीजों को मिला पोषण का सहारा, 86 लोगों को बांटी गईं निश्शुल्क किट

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश। टीबी मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने और उनके उपचार में सहयोग देने के उद्देश्य से एसपीएस अस्पताल ऋषिकेश में विशेष शिविर आयोजित किया गया। स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू), जौलीग्रांट के सहयोग से आस संस्था की ओर से राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन अभियान के तहत आयोजित शिविर में 86 मरीजों को निश्शुल्क मासिक पोषाहार किट वितरित की गईं।

शिविर के दौरान मरीजों के स्वास्थ्य की जांच करते हुए उनका वजन और रक्तचाप मापा गया। चिकित्सकों ने टीबी के उपचार में नियमित दवा के साथ पौष्टिक एवं संतुलित आहार की अहम भूमिका के बारे में जानकारी दी। मरीजों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और उपचार के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की सलाह भी दी गई।

इस दौरान मरीजों का आभा हेल्थ आईडी के लिए पंजीकरण भी कराया गया, जिससे उन्हें डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में मदद मिल सके। चिकित्सकों ने टीबी संक्रमण से बचाव के लिए मास्क का इस्तेमाल करने, स्वच्छता बनाए रखने और चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार नियमित उपचार जारी रखने के प्रति जागरूक किया।

शिविर का उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के साथ पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराना और बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में डा. आयुषी, डा. वृंदा, आस संस्था की हेमलता और कमल जोशी ने सहयोग किया।

Ad