उत्तराखंड SDRF के नाम बड़ी उपलब्धि, ISO प्रमाणपत्र पाने वाला देश का पहला आपदा प्रतिवादन बल बना

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन और संकट के समय राहत-बचाव कार्यों को अंजाम देने वाली राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान बनाई है। एसडीआरएफ उत्तराखंड को ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली का प्रमाणपत्र मिला है। इस उपलब्धि के साथ ही उत्तराखंड एसडीआरएफ यह प्रमाणपत्र हासिल करने वाला देश का पहला आपदा प्रतिवादन बल बन गया है।

यह उपलब्धि बल की कार्यप्रणाली, प्रबंधन व्यवस्था और आपदा के दौरान प्रभावी प्रतिक्रिया देने की क्षमता को एक नई पहचान देती है। पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों और प्राकृतिक आपदाओं की चुनौतियों से जूझने वाले उत्तराखंड में एसडीआरएफ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। दुर्गम क्षेत्रों में रेस्क्यू ऑपरेशन, आपदा प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने और आपात स्थितियों में त्वरित सहायता पहुंचाने में बल के जवान अहम जिम्मेदारी निभाते हैं।

एसडीआरएफ को मिले इस प्रमाणपत्र पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कमांडेंट अर्पण यदुवंशी समेत बल के अधिकारियों और जवानों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।

ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली का प्रमाणपत्र किसी संगठन की प्रक्रियाओं, कार्यप्रणाली और प्रबंधन व्यवस्था में गुणवत्ता सुनिश्चित करने से जुड़ा है। एसडीआरएफ को यह प्रमाणपत्र मिलना उसके संस्थागत कार्यों को व्यवस्थित और गुणवत्ता-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

उत्तराखंड जैसे आपदा संवेदनशील राज्य में इस तरह की उपलब्धि का महत्व और बढ़ जाता है। यहां भूस्खलन, अतिवृष्टि, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान बचाव दलों को कठिन परिस्थितियों में काम करना पड़ता है। ऐसे में एसडीआरएफ की कार्यक्षमता और बेहतर प्रबंधन व्यवस्था राहत-बचाव अभियानों को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक हो सकती है।

देश में पहली बार किसी आपदा प्रतिवादन बल को यह प्रमाणपत्र मिलने से उत्तराखंड एसडीआरएफ ने अपनी अलग पहचान स्थापित की है। यह उपलब्धि बल के अधिकारियों और जवानों के समर्पण के साथ प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Ad