ऋषिकेश में आज से महायोग ध्यान कुंभ का आगाज, 10 हजार साधकों के जुटने की उम्मीद

खबर शेयर करें -

मुनिकीरेती के भरत घाट पर पांच दिन तक योग और ध्यान की साधना, कई प्रमुख संत-महात्मा होंगे शामिल

ऋषिकेश। योग और अध्यात्म की नगरी ऋषिकेश में शुक्रवार से पांच दिवसीय नौवें महायोग ध्यान कुंभ का शुभारंभ होने जा रहा है। पिरामिड स्पिरिचुअल सोसाइटीज मूवमेंट की ओर से मुनिकीरेती स्थित भरत घाट पर आयोजित होने वाले इस आयोजन में देशभर से साधकों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजकों के अनुसार, अब तक करीब 10 हजार साधक कार्यक्रम के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। यह आयोजन 27 अक्टूबर तक चलेगा।

महायोग ध्यान कुंभ के जरिए साधकों को योग, ध्यान और आध्यात्मिक साधना से जुड़ने का अवसर मिलेगा। गंगा तट पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में अध्यात्म जगत की कई प्रमुख हस्तियां भी शिरकत करेंगी। इनमें कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, इस्कॉन के गौरांगा दास और परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती सहित कई संत-महात्मा शामिल हैं।

पत्रकार वार्ता में दी आयोजन की जानकारी

कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को जीएमवीएन गंगा रिसोर्ट में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें स्वामीनारायण आश्रम, शीशमझाड़ी के अध्यक्ष सुनील भगत ने बताया कि पांच दिवसीय महायोग ध्यान कुंभ 27 अक्टूबर तक चलेगा। आयोजन में बड़ी संख्या में साधकों के शामिल होने की संभावना है।

ऋषिकेश और मुनिकीरेती क्षेत्र पहले से ही योग एवं आध्यात्मिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र रहे हैं। ऐसे में गंगा तट पर होने वाला यह आयोजन साधकों को एक साथ ध्यान और आध्यात्मिक साधना से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा। कार्यक्रम में संतों और आध्यात्मिक वक्ताओं की मौजूदगी से आयोजन को विशेष महत्व मिलने की उम्मीद है।

Ad