खलिया टाप पर बढ़ी ट्रेकर्स की चहलकदमी, सूर्योदय का नजारा बना आकर्षण

खबर शेयर करें -

पिथौरागढ़। सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी में मौसम के साथ पर्यटन गतिविधियां भी रफ्तार पकड़ने लगी हैं। समुद्रतल से करीब 10 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित खलिया टाप इन दिनों ट्रेकिंग के शौकीनों के साथ प्रकृति प्रेमियों को भी अपनी ओर खींच रहा है। पहाड़ की ऊंचाइयों से दिखाई देने वाला सूर्योदय पर्यटकों के आकर्षण का खास केंद्र बना हुआ है।

खलिया टाप ट्रेक पर इन दिनों देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है। पिछले वीकेंड पर बड़ी संख्या में ट्रेकर यहां पहुंचे। ट्रेकिंग के दौरान ऊंचाई से नजर आने वाले हिमालयी क्षेत्र और आसपास का प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को खासा प्रभावित कर रहा है। वहीं सुबह के समय सूरज की पहली किरणों से पहाड़ों पर बिखरने वाली सुनहरी रोशनी इस अनुभव को और यादगार बना रही है।

पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के अनुसार, इस बार पहली बार वीकेंड के दौरान देश के अलग-अलग शहरों से पर्यटकों ने खलिया टाप का रुख किया है। पिछले वीकेंड पर करीब 300 से 400 पर्यटकों के यहां पहुंचने का अनुमान है। इनमें दिल्ली, हरियाणा और महाराष्ट्र के पुणे समेत अन्य शहरों से आए पर्यटक शामिल रहे।

खलिया टाप की बढ़ती लोकप्रियता का असर अब आगामी वीकेंड की बुकिंग पर भी दिखाई देने लगा है। ट्रेकिंग संचालकों के पास पर्यटकों की ओर से ऑनलाइन बुकिंग कराई जा रही है। इससे मुनस्यारी में पर्यटन गतिविधियों के और बढ़ने की उम्मीद है।

कास्मस ट्रैक के संचालक सुरेंद्र पवार के मुताबिक, पिछले सप्ताहांत में खलिया टाप पर पर्यटकों की अच्छी संख्या रही। आने वाले दिनों में भी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। खलिया टाप की प्राकृतिक खूबसूरती और सूर्योदय का मनमोहक दृश्य इसे ट्रेकर्स की पसंदीदा जगहों में शामिल कर रहा है।

Ad