एक माह से दहशत में थे ग्रामीण, आखिर पिंजरे में कैद हुआ गुलदार
यमकेश्वर: यमकेश्वर ब्लाक के बडोली गांव में करीब एक माह से दहशत का कारण बने गुलदार को आखिरकार वन विभाग ने पकड़ लिया। बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे गुलदार गांव के पास लगाए गए पिंजरे में कैद हो गया। गुलदार के पिंजरे में फंसने की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
गुलदार के पकड़े जाने के बाद वन विभाग की टीम उसे पिंजरे समेत चिड़ियापुर रेस्क्यू सेंटर ले गई। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, गुलदार को पकड़ने के लिए 12 सितंबर को बडोली गांव में पिंजरा लगाया गया था। इसके बाद से टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
महिला पर किया था हमला
करीब एक माह पहले इसी गुलदार ने बडोली गांव की एक महिला पर हमला कर दिया था। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग की थी। इसके बाद विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगाने के साथ निगरानी बढ़ा दी थी।
पिंजरे में कैद होने से ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
बुधवार सुबह गुलदार के पिंजरे में कैद होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन दारोगा दाताराम ने बताया कि गुलदार को रेस्क्यू सेंटर ले जाया गया है। वहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण समेत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


