त्रिवेणी घाट पार्किंग से पहले अवैध वसूली का आरोप, नगर निगम से कार्रवाई की मांग

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में त्रिवेणी घाट पार्किंग से पहले कथित अवैध पार्किंग संचालन का मामला सामने आया है। त्रिवेणी घाट पार्किंग के संचालक नवीन अग्रवाल ने इस संबंध में नगर निगम प्रशासन को पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्किंग तक पहुंचने वाले यात्रियों को रास्ते में ही रोककर गुमराह किया जा रहा है और वाहनों को दूसरी जगह खड़ा कराया जा रहा है।

नगर आयुक्त और उप नगर आयुक्त को दिए गए पत्र में नवीन अग्रवाल ने बताया कि त्रिवेणी घाट और अधिकृत पार्किंग स्थल से पहले ही कुछ लोग यात्रियों को रोक रहे हैं। आरोप है कि उन्हें गलत जानकारी देकर उनके वाहनों को पहले ही रोक लिया जाता है, जिससे यात्री निर्धारित पार्किंग तक नहीं पहुंच पाते।

सरकारी पार्किंग के नाम पर संचालन का आरोप

पार्किंग संचालक का आरोप है कि संबंधित स्थल को सरकारी पार्किंग बताकर संचालित किया जा रहा है। इससे यात्रियों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मामले की जांच कराने और कथित अवैध पार्किंग को तत्काल बंद कराने की मांग की है।

नगर निगम की कार्रवाई पर टिकी नजरें

त्रिवेणी घाट पर प्रतिदिन स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही रहती है। ऐसे में पार्किंग व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच अब नगर निगम प्रशासन की कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं। यदि शिकायत की पुष्टि होती है, तो संबंधित स्थल पर नियमों के अनुसार कार्रवाई किया जाना जरूरी होगा।

फिलहाल, शिकायत में लगाए गए आरोपों पर नगर निगम की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Ad