उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार; मैदानों में बढ़ेगी ठंड

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में धूप और सुहावने मौसम के बीच अब ठंड की दस्तक तेज होने के संकेत मिलने लगे हैं। करीब एक सप्ताह की राहत के बाद प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को चार पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम में इस बदलाव का असर मैदानी इलाकों के तापमान पर भी पड़ सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने 23 अक्तूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना के बीच पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ने के आसार हैं।

दिन में धूप, सुबह-शाम ठंड का बढ़ेगा असर

बृहस्पतिवार को प्रदेश के मैदानी इलाकों में दिनभर चटक धूप खिली रही, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। लेकिन आने वाले दिनों में मौसम का यह मिजाज बदल सकता है। पहाड़ों में बारिश के साथ तापमान में गिरावट आने का असर मैदानी क्षेत्रों में भी दिखाई देने की संभावना है। ऐसे में सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ने के साथ दिन में भी मौसम पहले की अपेक्षा ठंडा महसूस हो सकता है।

26 अक्तूबर तक बारिश के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 26 अक्तूबर तक प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते ठंड और बढ़ सकती है। मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों को स्थानीय मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।

Ad