ऋषिकेश : कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां शिवाजी नगर गली नंबर-11 में किराये पर रह रही एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान प्रीति रावत के रूप में हुई है, जो एम्स ऋषिकेश में सहायिका के पद पर कार्यरत थी।
ऋषिकेश पुलिस के मुताबिक, 31 जनवरी 2026 की रात्रि को कोतवाली ऋषिकेश को सूचना प्राप्त हुई कि शिवाजी नगर क्षेत्र में एक महिला को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा, जहां महिला मृत अवस्था में पाई गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता बच्चन सिंह रावत द्वारा कोतवाली ऋषिकेश में लिखित तहरीर दी गई, जिसमें उन्होंने सुरेश गुप्ता पर अपनी पुत्री की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मु०अ०सं० 49/26, धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस की प्रारंभिक विवेचना एवं आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया कि मृतका प्रीति रावत का कुछ वर्ष पूर्व अपने पति से तलाक हो चुका था। कोरोना काल के दौरान वह सुरेश गुप्ता के ससुराल पक्ष की ऋषिकेश स्थित दुकान में काम करने आई थी, जहां दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी और बाद में यह संबंध प्रेम प्रसंग में बदल गया।
बताया गया कि सुरेश गुप्ता का प्रीति के घर आना-जाना नियमित था। जब इस संबंध की जानकारी सुरेश गुप्ता के परिजनों को हुई, तो उसके और उसकी पत्नी के बीच लगातार विवाद होने लगे। स्थानीय सम्मानित व्यक्तियों द्वारा भी पारिवारिक विवाद सुलझाने के प्रयास किए गए, लेकिन प्रेम संबंध के चलते विवाद और गहराता चला गया। करीब चार माह पूर्व, सुरेश गुप्ता ने प्रीति से विवाह करने के लिए अपनी पत्नी से आपसी सहमति से तलाक ले लिया।
पुलिस के अनुसार, प्रीति एवं उसके परिजनों द्वारा ऋषिकेश में संपत्ति खरीदने की बात कही गई थी। इस पर सुरेश गुप्ता ने अपनी लक्सर (हरिद्वार) स्थित पैतृक संपत्ति करीब 35 लाख रुपये में बेच दी, ताकि ऋषिकेश में प्रीति के साथ रहने के लिए मकान खरीदा जा सके। हालांकि, 35 लाख की राशि में मनचाही संपत्ति न मिल पाने के कारण दोनों के बीच मनमुटाव बढ़ने लगा। इसी दौरान सुरेश गुप्ता मानसिक अवसाद में भी आ गया। पुलिस का मानना है कि इसी तनाव, अवसाद और आपसी विवाद के चलते आरोपी ने इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून अजय सिंह के निर्देश पर कोतवाली ऋषिकेश में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके सभी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि मामले की विवेचना हर एंगल से की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि क्या वाकई गोली सुरेश गुप्ता ने ही चलाई थी या घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। एसएसपी अजय सिंह ने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। फिलहाल पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है।
