त्योहारों से पहले त्रिवेणी घाट की व्यवस्थाएं सुधारने में जुटा नगर निगम, महापौर ने किया निरीक्षण
ऋषिकेश। दीपावली, इगास-बग्वाल और छठ पूजा को लेकर ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। त्योहारों के दौरान घाट पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में महापौर शंभू पासवान ने घाट परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने घाट पर चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने अधिकारियों से सफाई व्यवस्था, जमा रेत को हटाने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि घाट परिसर में जहां भी रेत जमा है, उसे प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए। साथ ही सभी निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।
महापौर ने कहा कि आगामी पर्वों के दौरान त्रिवेणी घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में घाट की स्वच्छता, सुरक्षा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और आवागमन को सुचारु बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें, ताकि विकास कार्यों के चलते आमजन और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान नगर आयुक्त विजयनाथ शुक्ल, अधिशासी अभियंता अनिल नेगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


