देहरादून में अवैध होमस्टे पर डीएम का बड़ा एक्शन, 96 के पंजीकरण निरस्त
मानकों के विपरीत संचालित होमस्टे पर प्रशासन की सख्ती, पर्यटन वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया शुरू
देहरादून : जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने अवैध और मानकों के विपरीत संचालित होमस्टे पर बड़ी कार्रवाई की है।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक 96 होमस्टे के पंजीकरण निरस्त कर दिए गए हैं। इनमें प्रथम चरण में 17 और द्वितीय चरण में 79 होमस्टे शामिल हैं। साथ ही इन होमस्टे को पर्यटन विभाग की वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जिला प्रशासन की पांच मजिस्ट्रेट टीमों ने सहसपुर और रायपुर विकासखंड के नगरीय क्षेत्रों सहित विभिन्न इलाकों में कुल 136 निरीक्षण किए। जांच के दौरान कई होमस्टे होटल की तरह संचालित होते पाए गए। कई स्थानों पर बिना अग्निशमन उपकरण, बिना फूड लाइसेंस और बिना निर्धारित मानकों के संचालन किया जा रहा था।निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कुछ होमस्टे में रातभर अवैध बार संचालन, तेज डीजे और नशे से जुड़ी गतिविधियां हो रही थीं।
प्रशासन के अनुसार ऐसे स्थान गैरकानूनी गतिविधियों और उपद्रवी प्रवृत्ति के लोगों के अड्डे बनते जा रहे थे, जिससे कानून व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ रहा था।
डीएम सविन बंसल ने कहा कि होमस्टे योजना का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान और स्थानीय लोगों की आय को बढ़ावा देना है, लेकिन कई लोग इसका व्यावसायिक दुरुपयोग कर रहे थे। जांच में कई होमस्टे लीज और किराये पर संचालित पाए गए, जबकि कई जगह स्वामी स्वयं निवास नहीं कर रहे थे। निर्धारित क्षमता से अधिक कमरे संचालित करने और विदेशी नागरिकों के ठहराव संबंधी सी-फॉर्म उपलब्ध न कराने जैसी अनियमितताएं भी सामने आईं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
