पौड़ी प्रगति पोर्टल से विकास कार्यों की होगी रियल टाइम मॉनिटरिंग, पारदर्शिता और जवाबदेही को मिलेगा बढ़ावा
पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल में विकास योजनाओं की निगरानी को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल करते हुए “पौड़ी प्रगति पोर्टल” लॉन्च किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेह प्रशासन के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह पोर्टल एक अहम कदम माना जा रहा है। इस अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अब जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव हो सकेगी।
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में विकसित इस पोर्टल पर जनपद में संचालित जिला योजना, राज्य सेक्टर, केंद्र पोषित तथा बाह्य सहायतित योजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति का नियमित अनुश्रवण किया जाएगा। इसके तहत सभी विभागों और उनके डिवीजनों को अलग-अलग लॉगिन आईडी उपलब्ध कराई गई हैं, जिनके माध्यम से संबंधित अधिकारी अपने विभागों के विकास कार्यों की प्रगति, व्यय विवरण और कार्यस्थल के फोटोग्राफ समय-समय पर अपलोड करेंगे।

उन्होंने बताया कि इस पोर्टल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि विकासखंडवार और विभागवार रिपोर्ट तत्काल प्राप्त की जा सकेगी। इससे उच्चाधिकारियों को योजनाओं की समीक्षा करने और समय पर निर्णय लेने में काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही यदि किसी योजना में देरी, लापरवाही या तकनीकी समस्या सामने आती है तो उसे समय रहते चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई भी की जा सकेगी।
गौरतलब है कि चालू वित्तीय वर्ष में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक के दौरान जनपद पौड़ी के प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक द्वारा “पौड़ी प्रगति पोर्टल” का औपचारिक शुभारंभ किया गया था। इस अवसर पर उन्होंने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनपद के समग्र विकास के लिए आधुनिक, प्रभावी और परिणामोन्मुखी कदम बताया।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि यह पोर्टल विकास कार्यों की निगरानी के लिए एक सशक्त और पारदर्शी माध्यम साबित होगा। इसके जरिए सभी विभागों की प्रगति पर निरंतर नजर रखी जा सकेगी, जिससे योजनाओं में गति के साथ-साथ गुणवत्ता भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कर उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है तथा “पौड़ी प्रगति पोर्टल” इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह पोर्टल न केवल विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की सतत निगरानी करेगा, बल्कि जनपद पौड़ी गढ़वाल को विकास के नए आयाम देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
