उत्तराखंड के 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी

खबर शेयर करें -

देहरादून : उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने राज्य के 8 जिलों के लिए अगले 24 घंटों का येलो अलर्ट जारी करते हुए तेज आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना जताई है। यह अलर्ट 15 मई 2026 सुबह 11:55 बजे से 16 मई 2026 सुबह 11:55 बजे तक प्रभावी रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर खराब मौसम देखने को मिल सकता है। विशेष रूप से डीडीहाट, कपकोट, कौसानी, केदारनाथ, देवप्रयाग, डोईवाला, बरकोट, बद्रीनाथ, रानीखेत, जोशीमठ, देवाल और आसपास के क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

इसके साथ ही कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और धूलभरी आंधी आने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक रूप से खुले क्षेत्रों में जाने से बचने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

चारधाम यात्रा मार्गों और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं व पर्यटकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि मौसम खराब होने की स्थिति में यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

वहीं किसानों और खुले स्थानों पर कार्य कर रहे लोगों को भी चेतावनी दी गई है कि वे तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूरी बनाए रखें। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर अपडेट जारी किए जाएंगे।

Ad