टिहरी में मानसून आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश
सैटेलाइट फोन मॉक ड्रिल, राहत व्यवस्थाएं और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी पर जोर
टिहरी गढ़वाल : मानसून सीजन को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल एवं जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी विभागों को मानसून से पूर्व अपनी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आपात स्थिति में दूरसंचार सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए सैटेलाइट फोन की मॉक ड्रिल आयोजित करने को कहा। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने पिछले वर्ष हुए आपदा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने की आवश्यकता बताई।
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला एवं तहसील स्तर के कंट्रोल रूम नंबर सार्वजनिक करने और वहां तैनात कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराने के निर्देश दिए।बैठक में लोक निर्माण विभाग को जेसीबी मशीनों और ऑपरेटरों की जानकारी अपडेट रखने, स्वास्थ्य विभाग को एंटी स्नेक वेनम और डेंगू नियंत्रण की तैयारी सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों में बच्चों को आपदा के प्रति जागरूक बनाने के निर्देश दिए गए।
पेयजल विभाग को पाइपलाइन क्षति की स्थिति में तत्काल मरम्मत की तैयारी रखने, विद्युत विभाग को बिजली लाइनों की निगरानी बढ़ाने तथा नगर पालिका को नालियों की सफाई और जलभराव वाले क्षेत्रों में ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया।
पुलिस विभाग को खोज एवं बचाव कार्यों के लिए उपकरण तैयार रखने और अवैध खनन पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही संभावित शेल्टर होम के रूप में पंचायत घर, सामुदायिक केंद्र और विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, डीएफओ पुनीत तोमर, अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
