उत्तराखंड में 27 दिन के अभियान से बढ़े 1.19 लाख मतदाता, देहरादून सबसे आगे

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के बाद मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए चलाए गए विशेष अभियान का सकारात्मक असर देखने को मिला है। 27 दिनों तक चले इस अभियान के दौरान प्रदेश में 1.19 लाख से अधिक नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं। इसमें पुरुषों की संख्या महिलाओं से अधिक रही। वहीं, नए मतदाताओं को जोड़ने के मामले में देहरादून जिला सबसे आगे रहा, जबकि रुद्रप्रयाग में सबसे कम बढ़ोतरी दर्ज की गई।

निर्वाचन आयोग की ओर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची के मुताबिक, उत्तराखंड में अब कुल मतदाताओं की संख्या 72,78,035 हो गई है। इनमें 37,93,373 पुरुष, 34,84,447 महिलाएं और 215 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। गौरतलब है कि एसआइआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश में मतदाताओं की संख्या घटकर 71,58,949 रह गई थी।

सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि चार से 31 अक्टूबर तक प्रदेशभर में विशेष अभियान संचालित किया गया। इस दौरान 1,25,216 मतदाताओं के नाम जोड़ने के आवेदन प्राप्त हुए, जबकि 6,130 नाम हटाने से संबंधित आवेदन आए। सभी आवेदनों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन कर निस्तारण किया गया।

अभियान के बाद मतदाता सूची में 63,411 पुरुष, 55,672 महिला और तीन ट्रांसजेंडर मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई। जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो देहरादून में सर्वाधिक 33,940 मतदाता बढ़े हैं। इसके बाद सबसे कम 1,160 मतदाताओं की वृद्धि रुद्रप्रयाग जिले में दर्ज की गई।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में 86,028 सर्विस मतदाता भी पंजीकृत हैं। इनमें 83,352 पुरुष और 2,676 महिला सैन्य मतदाता शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके तहत एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के साथ ऐसे नागरिक भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं, जो किसी कारणवश अब तक सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। इसके लिए 11 दिसंबर तक आवेदन करने का अवसर दिया गया है। निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों से निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन कर मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने की अपील की है।

Ad