उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, पांच पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई पर बर्फबारी के आसार

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में सर्दी का असर अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। शनिवार को प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने पांच जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के भी आसार हैं। मौसम में आने वाले इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक 14 नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इससे पहाड़ों में ठिठुरन बढ़ने के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में होने वाली मौसमी गतिविधियों का असर प्रदेश के तापमान पर भी पड़ सकता है। पहाड़ों से चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में भी सर्दी का अहसास बढ़ने की संभावना है। खासकर सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट महसूस हो सकती है।

वहीं, शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा। दिनभर धूप खिलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली ठंडी हवाओं के चलते सुबह और शाम के साथ दिन में भी सर्दी का असर बना रहा।

देहरादून के तापमान की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य स्तर पर बना रहा। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान की स्थिति लगभग इसी तरह रही।

Ad