बदरीनाथ धाम में पंच पूजाएं शुरू, पहले दिन भगवान गणेश के मंदिर के कपाट हुए बंद

खबर शेयर करें -

बदरीनाथ। भू-बैकुंठ बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इससे पहले धाम में कपाट बंद होने से जुड़ी धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के तहत पंच पूजाओं का शुभारंभ हो गया है। गुरुवार को पहले दिन भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के बाद उनके मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

धार्मिक परंपरा के अनुसार, सुबह अभिषेक पूजा शुरू होने से पहले भगवान गणेश को मंदिर प्रांगण से बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह में विराजमान कराया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को भगवान बदरी विशाल के साथ भगवान गणेश के दर्शन करने का अवसर मिला। दिनभर पूजा-अर्चना के बाद शाम की आरती संपन्न हुई और विधि-विधान के साथ गणेश मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए।

पूजा की सभी धार्मिक रस्में बदरीनाथ मंदिर के रावल अमरनाथ नंबूदरी के सानिध्य में संपन्न हुईं। इस दौरान नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर आचार्य सेमवाल, डा. रवीन्द्र भट्ट और डा. अमित बंदोलिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

बदरीनाथ धाम में पंच पूजाओं के साथ ही कपाट बंद होने की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। आगामी दिनों में परंपरागत धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे। इसके बाद 16 नवंबर को भगवान बदरी विशाल के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।

Ad