उत्तराखंड में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, सीएम धामी ने 3.53 करोड़ रुपये किए मंजूर
उत्तराखंड में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 3.53 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत धनराशि से प्रदेश के पांच जिलों देहरादून, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और चंपावत में विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें सड़क निर्माण, धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण, सार्वजनिक भवन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने ईको टास्क फोर्स की 10 नर्सरियों में सिंचाई व्यवस्था विकसित करने के लिए 78.50 लाख रुपये मंजूर किए हैं। इसमें पौड़ी की एक नर्सरी के लिए 14.53 लाख और देहरादून की नौ नर्सरियों के लिए 63.97 लाख रुपये आवंटित किए जाएंगे। इससे नर्सरियों में पौधों के बेहतर रखरखाव और सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
देहरादून जिले में भी कई महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति दी गई है। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के सुद्धोवाला में जौनसार-बावर जनमिलन केंद्र भवन के निर्माण के लिए शेष 40 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है। वहीं, डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के अठूरवाला स्थित टिहरी विस्थापित क्षेत्र में घंटाघर निर्माण के लिए 96.79 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसमें पहली किस्त के तौर पर 58.07 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।
इसके अलावा माजरी ग्रांट में वैश्वनी मंदिर पुल के समीप लालतप्पड़ से गोरखा बस्ती सागर सहित आसपास के घरों तक करीब दो किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। इस परियोजना के लिए 1.37 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जिसमें 81.97 लाख रुपये की पहली किस्त जारी होगी।
धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा स्थित अंजनिया शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा व्यवस्था और चारदीवारी निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पिथौरागढ़ में भूमिया मंदिर गैंठन से कालसिन मंदिर होते हुए खूनी गांव तक सड़क निर्माण के प्रथम चरण के लिए 92.32 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
वहीं, चंपावत जिले के पचनई गांव में भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 30 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इन योजनाओं के माध्यम से जहां ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी, वहीं धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों को भी विकसित किया जा सकेगा।


