नंदा गौरा योजना के लिए 30 नवंबर तक फिर खुलेंगे आवेदन, पात्र बालिकाओं को मिलेगा एक और मौका

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में नंदा गौरा योजना का लाभ पाने से चूक गई पात्र बालिकाओं के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार ने ऐसी बालिकाओं को दोबारा आवेदन का अवसर देने का निर्णय लिया है। इसके तहत पात्र लाभार्थी 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक पत्र जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने पात्र बालिकाओं से तय समयसीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

गुरुवार को सचिवालय में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए। लाभार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के संचालन में लापरवाही और विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।

दिसंबर के पहले सप्ताह में मिलेगी स्वरोजगार योजना की पहली किस्त

बैठक में मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना की भी समीक्षा की गई। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के लाभार्थियों, प्रस्तावित स्वरोजगार गतिविधियों और लंबित आवेदनों की स्थिति पर चर्चा हुई।

मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि वर्ष 2026-27 के अंतर्गत प्राप्त सभी पात्र आवेदनों को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक चयनित पात्र महिलाओं को योजना की पहली किस्त जारी कर दी जाएगी। सरकार की इस पहल का उद्देश्य एकल महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।

Ad