उप जिला चिकित्सालय में फिजिशियन का इंतजार, मरीजों को इलाज के लिए करना पड़ रहा परेशानियों का सामना
उत्तराखंड। राजकीय उप जिला चिकित्सालय में फिजिशियन की नियमित तैनाती नहीं होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। विशेषज्ञ चिकित्सक के अभाव में मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। स्थिति यह है कि पिछले करीब चार महीने से इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) ही फिजिशियन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
अस्पताल में फिजिशियन के दो पद स्वीकृत हैं। इसके बावजूद लंबे समय तक यहां एक ही चिकित्सक के भरोसे ओपीडी संचालित होती रही। करीब चार माह पहले कार्यरत फिजिशियन का स्थानांतरण होने के बाद उनकी जगह किसी अन्य चिकित्सक की तैनाती नहीं की गई। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर ईएमओ को यह जिम्मेदारी सौंप दी।
इस बीच करीब दो सप्ताह पहले शासन स्तर से अस्पताल में एक फिजिशियन की नियुक्ति की गई। नए चिकित्सक ने पांच नवंबर को अस्पताल में उपस्थिति भी दर्ज कराई, लेकिन इसके बाद से वह अवकाश पर हैं। ऐसे में अस्पताल को अब तक नियमित फिजिशियन की सेवाएं नहीं मिल पाई हैं।
दीपावली के अवकाश के बाद अस्पताल खुलने पर मरीजों की संख्या में भीड़ बढ़ गई है। विशेषज्ञ चिकित्सक की अनुपलब्धता के कारण मरीजों को उपचार के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि पहले फिजिशियन की मौजूदगी में ओपीडी का आंकड़ा प्रतिदिन 150 से 180 तक पहुंच जाता था, जबकि अब मरीजों की संख्या 100 के पार भी नहीं हो पा रही है।
अस्पताल पहुंच रहे मरीजों का कहना है कि विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं होने से उन्हें उचित उपचार के लिए निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। मरीज सुमित देवी, अजय शर्मा और दर्शनलाल ने बताया कि सरकारी अस्पताल में फिजिशियन की उपलब्धता नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय स्तर पर अस्पताल में फिजिशियन की नियमित तैनाती की मांग उठ रही है। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जरूरी है कि नवनियुक्त चिकित्सक जल्द नियमित रूप से सेवाएं देना शुरू करें, ताकि अस्पताल की ओपीडी व्यवस्था सुचारू हो सके।


