गोसेवा को किसानों की आय से जोड़ने पर जोर, गोवंश संरक्षण को लेकर सीएम धामी ने विपक्ष पर साधा निशाना

खबर शेयर करें -

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोवंश संरक्षण और गोसेवा के मुद्दे पर विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो लोग लंबे समय तक भारतीय संस्कृति और भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते रहे, उनसे गो माता के सम्मान की अपेक्षा करना मुश्किल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड में गोवंश के शोषण, तस्करी और गोहत्या को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री गुरुवार को हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक कामधेनुलोक गोशाला का लोकार्पण करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की ओर से गोसेवा, गोवंश संरक्षण और मानव सेवा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

अपने संबोधन में सीएम धामी ने कहा कि गोसेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे किसानों की आर्थिक मजबूती का माध्यम भी बनाया जाना चाहिए। गोवंश के संरक्षण के साथ दुग्ध उत्पादन और अन्य गतिविधियों को प्रोत्साहित कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी लाभ पहुंचाया जा सकता है।

विपक्ष पर राजनीतिक हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसे लोग भगवान राम के अस्तित्व को नकारते थे और रामसेतु को काल्पनिक बताते थे। राम मंदिर निर्माण के मुद्दे पर भी लंबे समय तक विरोध किया गया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और भारतीय परंपराओं के प्रति नकारात्मक सोच रखने वाले लोगों का गोसेवा के प्रति अचानक प्रेम जताना समझ से परे है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने गोहत्या पर रोक लगाने के लिए कड़े कानूनी प्रावधान किए हैं। गोवंश की तस्करी करने और पशुओं के साथ क्रूरता बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि उत्तराखंड में गोवंश की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके संरक्षण के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।

Ad