उत्तराखंड स्थापना दिवस पर भाजपा महानगर के कार्यक्रमों की तैयारी तेज, 13 से 15 नवंबर तक होंगे महोत्सव
देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा देहरादून महानगर की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 से 15 नवंबर तक महानगर के सभी विधानसभा क्षेत्रों और शक्ति केंद्रों में राज्य महोत्सव एवं सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के जरिए उत्तराखंड राज्य निर्माण के संघर्षपूर्ण इतिहास, आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान के साथ प्रदेश की विकास यात्रा को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
इसी क्रम में गुरुवार को भाजपा महानगर कार्यालय में महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने के साथ ही पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। वहीं, महानगर प्रभारी राकेश गिरी और सह प्रभारी संजय गुप्ता ने कहा कि उत्तराखंड का गठन लंबे संघर्ष, आंदोलन और अनेक लोगों के त्याग का परिणाम है। ऐसे में राज्य आंदोलनकारियों की परिकल्पना के अनुरूप विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सभी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होने वाले महोत्सव और सम्मेलनों में स्थानीय लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
बैठक में महानगर उपाध्यक्ष संध्या थापा, सुनील शर्मा, राजेश कंबोज, संकेत नौटियाल, ओम कक्कड़, महामंत्री संदीप मुखर्जी और विजेंद्र थपलियाल समेत पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


