अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस की तैयारियां तेज, स्वरोजगार में मिसाल बने दिव्यांगों को किया जाएगा सम्मानित

खबर शेयर करें -

देहरादून: अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के आयोजन को लेकर समाज कल्याण विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस अवसर पर स्वरोजगार के माध्यम से अपनी पहचान बनाने और दूसरों को रोजगार उपलब्ध कराने वाले दिव्यांगजनों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांगों की सूची तैयार कर निदेशालय को भेज दी गई है। नवंबर के अंतिम सप्ताह तक पुरस्कार के लिए पात्र लोगों का चयन पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि हर साल तीन दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले दिव्यांगजनों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि विशेष रूप से ऐसे दिव्यांगजनों को सम्मानित करने की योजना है, जिन्होंने स्वरोजगार के जरिए न केवल आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं। चयन प्रक्रिया को लेकर विभागीय स्तर पर काम किया जा रहा है।

दिव्यांगजनों को वितरित किए जाएंगे सहायक उपकरण

कार्यक्रम के दौरान पूर्व में सहायक उपकरणों के लिए आवेदन करने वाले पात्र दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित करने की भी तैयारी है। इससे उन्हें दैनिक गतिविधियों में सुविधा मिलेगी और आत्मनिर्भर बनने में सहायता प्राप्त होगी।

अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के कार्यक्रम में प्रदेशभर से दिव्यांगजन प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोग अपने अनुभव साझा करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है।

Ad