उत्तराखंड में राष्ट्रवादी नव निर्माण दल की नई टीम तैयार, 19 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी
उत्तराखंड में संगठन को मजबूत बनाने और प्रदेशभर में अपनी सक्रियता बढ़ाने के उद्देश्य से राष्ट्रवादी नव निर्माण दल ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। दल की ओर से 19 पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस पहल के जरिए युवाओं, महिलाओं, पूर्व सैनिकों और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष सौरभ वत्स ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकान्त त्यागी के मार्गदर्शन में संगठन को प्रदेश के हर क्षेत्र तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है। इसके तहत व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को दल से जोड़ा जा सके।
नई नियुक्तियों के तहत मनीष सती को प्रदेश महासचिव (संगठन), अर्पित शर्मा को यूथ ब्रिगेड अध्यक्ष, शरद शर्मा को मीडिया प्रभारी और मनोज रावत को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, नीलू नेगी सेनवाल को महिला मोर्चा अध्यक्ष तथा हाजी नदीम को अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
दल नेतृत्व का मानना है कि नई जिम्मेदारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी और विभिन्न वर्गों के बीच संगठन की पहुंच मजबूत होगी। आने वाले समय में सदस्यता अभियान के साथ प्रदेशभर में संगठन विस्तार की गतिविधियां तेज करने की तैयारी है।


